.

आजमगढ़: जमीनी विवाद में फायरिंग के मामले में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


गिरफ्तार एहसान खान पर दर्ज हैं 21 आपराधिक मुकदमे


आजमगढ़: सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तेपुर गांव में जमीनी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग व मारपीट की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वांछित हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को ग्राम छित्तेपुर में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट की घटना हुई थी। इस संबंध में उपनिरीक्षक धीरज कुमार की तहरीर पर थाना सरायमीर में मुकदमा संख्या 63/2026 धारा 3(5), 109(1) बीएनएस तथा 3/5/25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत दोनों पक्षों के नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान 12 मार्च की रात करीब 10:05 बजे उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त नन्दांव मोड़ पर मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चाय की दुकान के पास खड़े व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम एहसान खान पुत्र स्वर्गीय मतिउद्दीन निवासी छित्तेपुर थाना सरायमीर बताया। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना सरायमीर का 31-A हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, लोक संपत्ति क्षति और महामारी अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव के साथ कांस्टेबल सौरभ पाण्डेय और शशिकांत तिवारी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment