विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक नर्सिंग प्रशिक्षण तकनीकों से अवगत कराया
आजमगढ़: वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग के तत्वावधान में तथा आईआरए नर्सिंग इंस्टीट्यूट के सहयोग से “रेवोलुशनाइजिंग नर्सिंग एजुकेशन एंड एडवांस सिमुलेशन – भारत में निर्मित एक पहल” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य आधुनिक तकनीकों के माध्यम से नर्सिंग शिक्षा को सुदृढ़ बनाना और सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण पद्धति को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक न्यूरो सर्जन डॉ. शिशिर जायसवाल रहे, जबकि संरक्षक मंडल में डॉ. विशाल जायसवाल, आलोक जायसवाल और रित्विक जायसवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यशाला की आयोजन अध्यक्ष एवं वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य प्रो. डॉ. रीना पांडे ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल काउंसिल द्वारा इस कार्यक्रम को तीन क्रेडिट पॉइंट की मान्यता प्रदान की गई है। दो दिवसीय कार्यक्रम में करीब 500 छात्रों ने प्रतिभाग किया, जिनमें लगभग 200 छात्र वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग के थे। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में छात्रों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी उन्नत जानकारी दी गई तथा डमी मॉडल के माध्यम से हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कराई गई। इसमें इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया, ऑपरेशन में प्रयुक्त सामग्री, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में आईआरए नर्सिंग इंस्टीट्यूट से आए विशेषज्ञ वक्ताओं प्रेम सिन्हा और कंचन राठौर ने प्रतिभागियों को आधुनिक नर्सिंग प्रशिक्षण तकनीकों से अवगत कराया। प्रथम दिवस में प्रतिभागियों को एडवांस क्लिनिकल प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें एडवांस सेंट्रल वेनस कैथेटर लाइन इंसर्शन, एडवांस एयरवे मैनेजमेंट, एडवांस गायनेकोलॉजिकल एग्जामिनेशन, एडवांस वैक्यूम व फोर्सेप डिलीवरी तथा एडवांस अम्बिलिकल कैथेटराइजेशन जैसी प्रक्रियाएं शामिल रहीं। इसके अलावा छात्रों द्वारा पोस्टर प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किए गए। पोस्टर प्रस्तुति के मूल्यांकन के लिए विभिन्न नर्सिंग संस्थानों के विशेषज्ञों को निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया, जिनमें डॉ. जिजिल बी (प्राचार्य, MSDM नर्सिंग कॉलेज आजमगढ़), रवि दिशानंद (प्राचार्य, मां कौशल्या स्कूल ऑफ नर्सिंग आजमगढ़), डॉ. मंजू जॉन (प्राचार्य, ऑल इंडिया चिल्ड्रेन केयर एंड एजुकेशन डेवलपमेंट सोसायटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, उत्तर प्रदेश), डॉ. खुशबू यादव (प्रोफेसर व उप-प्राचार्य, मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, चंदौली) और डॉ. भानु प्रिया (प्राचार्य, केएमसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, महाराजगंज) शामिल रहीं। कार्यक्रम के अंत में वेदांता ग्रुप के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Blogger Comment
Facebook Comment