.

आजमगढ़: पैतृक जमीन की धोखाधड़ी में वांछित पति-पत्नी गिरफ्तार


छलपूर्वक पैतृक संपत्ति बेच कर धन का दुरुपयोग करने का है आरोप

आजमगढ़: थाना कंधरापुर पुलिस ने पैतृक जमीन की धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में वांछित पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को बेलाइसा के पास स्थित नीबी कॉलोनी में रिश्तेदार के घर से दबोचा। उनके पास से लैपटॉप, चार मोबाइल फोन व आधार-पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आठ जनवरी 2026 को अरुण कुमार राय, सुशील राय, बृजेश राय, नीरज राय व अश्विन राय ने थाना कंधरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अवनीश राय व उनकी पत्नी नूतन राय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पैतृक भूमि से संबंधित दस्तावेजों में धोखाधड़ी की और जमीन को छलपूर्वक बेचकर धन का दुरुपयोग किया। विरोध करने पर वादी पक्ष को धमकाने का भी आरोप लगाया गया था। इस मामले में थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 10/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) व 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। बुधवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मामले में वांछित अवनीश राय पुत्र स्व. बृजभूषण राय व नूतन राय पत्नी अवनीश राय निवासी जोलहापुर, थाना कंधरापुर नीबी कॉलोनी में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। महिला आरोपित को महिला पुलिस की अभिरक्षा में महिला थाना भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment