.

आजमगढ़: 25 हजार का इनामी गैंगेस्टर तमंचे के साथ गिरफ्तार


हत्या के मुकदमे में वांछित था, पुलिस ने देर रात दबोचा

आजमगढ़: हत्या के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी गैंगेस्टर को जीयनपुर पुलिस ने अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम भरौली निवासी शिवकुमारी ने 29 मार्च 2025 को थाना जीयनपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र अश्वनी चौहान (32) गांव के ही रामचन्द्र उर्फ मैकू यादव व गौरव सिंह के साथ जीयनपुर दावत खाने गया था। दावत के बाद घर लौटते समय जमीन नरहन के पास सड़क किनारे अश्वनी चौहान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव पर चोट के निशान भी पाए गए थे।
इस मामले में हत्या की आशंका के आधार पर थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए और पुलिस ने नौ अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार रात नरईपुर बाजार में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी आकाश यादव बागखालिस बाजार से बक्खोपुर मार्ग की ओर खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बक्खोपुर मार्ग से रात करीब 11:05 बजे आरोपी आकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आकाश यादव पुत्र रामसमुझ यादव निवासी दाउदपुर थाना जीयनपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ मारपीट, हत्या, गैंगेस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी लाटघाट उपनिरीक्षक जाफर खां, उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल संदीप यादव, कांस्टेबल हरिकिशन मौर्या, अवधेश कुशवाहा, बृजेश यादव और अवनीश यादव शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment