लाल नीली बत्ती, काली फिल्म व फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर हुई कार्रवाई
आजमगढ़, 31 मार्च। यातायात नियमों के पालन को लेकर जनपद में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 67 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अवैध लाल-नीली बत्ती, काली फिल्म और फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों को खास तौर पर निशाना बनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। बागेश्वर चौराहा (कोतवाली क्षेत्र) पर प्रभारी निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल के साथ संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान संचालित किया। चेकिंग के दौरान ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई जिन पर अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगी थी या “पुलिस” एवं “उत्तर प्रदेश सरकार” अंकित था, जबकि उनमें अधिकृत अधिकारी मौजूद नहीं थे। साथ ही काली फिल्म लगे वाहन और नाम, जाति या पद सूचक शब्द लिखे फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी शिकंजा कसा गया। अभियान में कुल 67 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई, जिनमें 9 वाहन काली फिल्म वाले, 10 फर्जी नंबर प्लेट वाले, 2 वाहन बिना हेलमेट/सीट बेल्ट उपयोग करने वाले पुलिसकर्मी तथा 45 अन्य वाहन विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें और किसी भी प्रकार के अवैध प्रतीक या चिन्हों का उपयोग न करें। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
Blogger Comment
Facebook Comment