.

आजमगढ़: सामूहिक विवाह योजना के तहत परिणय सूत्र में बंधे 180 जोड़े



मार्टिनगंज ब्लॉक परिसर में हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

आजमगढ़: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को जनपद आजमगढ़ के विकास खंड मार्टिनगंज परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ठेकमा, अहिरौला, फूलपुर, पवई और मार्टिनगंज सहित पांच विकास खंड तथा एक नगर पंचायत के कुल 190 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 180 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद लालगंज नीलम सोनकर तथा जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि सौरभ सिंह ‘बीनू’ और नगर पंचायत मार्टिनगंज की अध्यक्ष अपूर्वा सिंह मौजूद रहीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह महत्वपूर्ण योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब किसी गरीब परिवार की बेटी की शादी धन के अभाव में नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सरकार एक लाख रुपये खर्च करती है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में, लगभग 25 हजार रुपये के 26 प्रकार के गृहस्थी के सामान तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। गृहस्थी के सामान में पांच साड़ियों का सेट, प्रेशर कुकर, आठ किलो का स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, दो गद्दे, डबल बेड की चादर, 30 ग्राम चांदी की पायल और 10 ग्राम बिछिया समेत अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
पूर्व सांसद नीलम सोनकर ने कहा कि आज समाज में बेटी होना गर्व की बात है। सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर शिक्षा और विवाह तक की व्यवस्था सुनिश्चित की है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना भी ऐसी ही योजनाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी सम्मानपूर्वक कराई जा रही है।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी मार्टिनगंज इद्रीश अली, खंड विकास अधिकारी ठेकमा मनोज कुमार श्रीवास्तव, राजेश चौधरी (जिला समाज कल्याण अधिकारी), गौरव यादव, वीरेन्द्र यादव, मुकेश यादव, नवनीत यादव, पारसनाथ, सुधांशु मिश्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment