नारी शक्ति संस्थान के होली मिलन व सम्मान समारोह में उड़े अबीर-गुलाल
आजमगढ़: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति संस्थान की ओर से शनिवार को शारदा तिराहा स्थित होटल ग्रैंड एसआर के सभागार में नारी शक्ति सम्मान समारोह-2026 एवं फाल्गुनोत्सव (होली मिलन समारोह) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा के चित्र के समक्ष संरक्षक मंडल व पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना वत्सल ने तथा संचालन अंशु अस्थाना ने किया। समारोह में पूर्वांचल की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वाराणसी की लोक गायिका सरोज वर्मा, जौनपुर की सामाजिक कार्यकर्त्री सीमा सिंह, लखनऊ की एंकर व सोशल मीडिया क्रिएटर प्राची तिवारी, आजमगढ़ की शिक्षिका अंजना श्रीवास्तव तथा मऊ की डा. चन्दा सिंह शामिल रहीं। सभी को संस्थान की संरक्षक व पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र, मेमेंटो, माला, कैलेंडर, पौधा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जनपद की अन्य महिला शक्तियों को बैच, कैप और पौधा देकर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता श्रीमती ऊषा शर्मा ने कहा कि संस्थान की संस्थापिका डा. पूनम तिवारी ने अथक परिश्रम से संस्था को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने महिलाओं को जागरूक होने का संदेश देते हुए कहा, “हम अधूरे नहीं, हम अभागे नहीं, बात इतनी ही है कि हम जागे नहीं।” उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई के साहस का उदाहरण देते हुए महिलाओं से समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। सचिव डा. पूनम तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं, लेकिन समाज की कई महिलाएं अभी भी मुख्यधारा से दूर हैं। नारी शक्ति संस्थान का संकल्प है कि ऐसी महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। संस्था की अध्यक्ष मंजू उपाध्याय ने महिला स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दोहराया, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना वत्सल ने कहा कि बड़े बदलाव की शुरुआत घर से छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों से होती है। कार्यक्रम में बालिकाओं ने नारी सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं दूसरे सत्र में उपस्थित महिलाओं ने “आज बिरज में होरी रे रसिया…” गीत पर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर रंगोत्सव मनाया। इस अवसर पर संस्था की संरक्षक सुधा तिवारी, रानी अनामिका सिंह, प्रियंका राय, प्रियंका पांडेय, दीपशिखा पांडेय, अनीता आलोक श्रीवास्तव, डा. नेहा दूबे, डा. प्रीति गुप्ता, मधु तिवारी सहित पदाधिकारी पूनम जसपाल सिंह, अमिता अग्रवाल, प्रतिभा पाठक, रश्मि डालमिया, आभा अग्रवाल, ममता राय, अनिता श्रीवास्तव, रिंकी प्रशांत, नीतू सौम्य तथा संस्था की अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं।
Blogger Comment
Facebook Comment