.

आजमगढ़: परीक्षा देने जा रहे हाईस्कूल छात्र की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर



फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में बाइक और कार में हुई टक्कर

आजमगढ़: फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाली कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना अहरौला क्षेत्र के सूक्खीपुर गांव निवासी समीर (20) पुत्र नसीम और आकिब (19) पुत्र नसीर अहमद बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। जैसे ही वे इब्राहिमपुर के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं आकिब की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि दोनों छात्र रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज गनवारा माहुल में कक्षा 10 के छात्र थे। उनका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज अम्बारी निर्धारित था। शुक्रवार को हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने के लिए वे घर से निकले थे। मृतक समीर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था तथा उसकी एक बहन है। उसके पिता सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment