.

आजमगढ़ रेलवे स्टेशन से चार उचक्के गिरफ्तार, नकदी व जेवर बरामद


प्लेटफार्म नम्बर 2 पर GRP ने पकड़ा, ₹1.60 लाख नकद व ₹3.25 लाख के जेवर बरामद

आजमगढ़: जीआरपी आजमगढ़ ने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले चार उचक्कों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹1.60 लाख नकद तथा ₹3.25 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार नासिर हुसैन, प्रभारी निरीक्षक जीआरपी, पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पूर्वी छोर पर लगे साइन बोर्ड के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति यात्रियों को सस्ते दामों में सोने के आभूषण बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नदीम शाह उर्फ चिंटू (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर), नसरुद्दीन शाह (निवासी बीबीगंज, थाना दीदारगंज), मो. अजीम (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर) तथा हरिश्चंद्र कुमार (निवासी दामोदरपुर, थाना मुबारकपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी छोटी बाली, एक नथुनी तथा नकदी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों के लॉक लगे बैग को निशाना बनाते थे और ब्लेड से चेन काटकर कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने 21 फरवरी 2026 को शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन में एक महिला यात्री के बैग से मंगलसूत्र, हार, झुमके, अंगूठियां, पायल, नथुनी और ₹28 हजार नकद चोरी करने की वारदात भी कबूली है। इस मामले में थाना जीआरपी आजमगढ़ पर धारा 305(सी) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment