.

आजमगढ़: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर एसकेडी में दिखा प्रतिभा का अद्भुत संगम





भारत प्राचीन काल से ही विज्ञान और कला के क्षेत्र में अग्रणी रहा है - अखिलेश मिश्र

आजमगढ़: जहानागंज क्षेत्र के एसकेडी विद्या मन्दिर, धनहुंआ में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर भव्य विज्ञान, कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर नवाचार, रचनात्मकता और प्रतिभा के रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने विभिन्न थीम पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत कर अपने हुनर और कल्पनाशीलता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्र द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनके मॉडल के विषय में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। सभी मॉडल नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अद्वितीय परिकल्पना का सजीव उदाहरण प्रस्तुत कर रहे थे।
मॉडर्न इंडियन इकोनॉमी एवं डिजिटल पेमेंट सिस्टम पर आधारित नीतिश, आदित्य एवं कृष्णा का मॉडल विशेष सराहना का केंद्र रहा। हिमांशु एवं प्रतीक द्वारा निर्मित ब्लाइंड सेंसर स्टिक ने सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया। आदित्य व सुमित का वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम तथा विशाल व मनीष की वोटिंग मशीन ने व्यावहारिक ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सौरभ व हर्ष का न्यूरॉन मॉडल, कीर्ति व कृष्णा का रिन्यूएबल एनर्जी मॉडल तथा अशोक व सौरभ का आजमगढ़ स्मार्ट सिटी मॉडल अत्यंत आकर्षक रहा।
कला एवं हस्तशिल्प अनुभाग में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वृन्दावन एवं यमुना तट की झांकी, साथ ही बद्रीनाथ एवं केदारनाथ मंदिरों की भव्य प्रतिकृतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मुख्य अतिथि अखिलेश मिश्र ने कहा कि भारत प्राचीन काल से ही विज्ञान और कला के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। भारतीय ऋषि-मुनियों द्वारा किए गए खगोलीय अनुसंधान आज भी आधुनिक तकनीक के समकक्ष सटीक हैं। विद्यार्थियों द्वारा अपनी कल्पनाओं को मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना अत्यंत प्रशंसनीय एवं प्रेरणास्पद है।
विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने महान वैज्ञानिक C. V. Raman द्वारा खोजे गए रमन प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज भारतीय प्रतिभाएं विश्वभर में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं — चाहे वह कंप्यूटर साइंस की मल्टीनेशनल कंपनियां हों या अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र।
कार्यक्रम में भाजपा जिलामंत्री मुन्ना सिंह, भूपेंद्र मिश्र, राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय परिवार की समर्पित एवं संगठित टीम भावना सराहनीय रही।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment