.

आजमगढ़: बिजली व पानी की आपूर्ति ठप होने से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम


शहर के पुरानी जेल के पास स्थित डीएवी कांशीराम आवास का मामला

आजमगढ़: शहर के पुरानी जेल के पास स्थित डीएवी कांशीराम आवास में बीते तीन दिनों से बिजली और पानी की आपूर्ति ठप होने से आक्रोशित लोगों का सब्र आखिरकार टूट गया। बुधवार को बड़ी संख्या में आवास की महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें सरकार की योजना के तहत मुफ्त आवास तो मिला, लेकिन अब बिजली विभाग की ओर से भारी-भरकम बिजली बिल का दबाव बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जेई द्वारा 8 से 10 लाख रुपये तक के बकाया बिजली बिल जमा करने की बात कही जा रही है, तभी बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़े जाएंगे।
आवासवासियों ने बताया कि तीन दिनों से बिजली नहीं होने के कारण पानी की आपूर्ति भी बाधित है, जिससे दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। घंटों चले हंगामे के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने संबंधित विभाग से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment