.

आजमगढ़: गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार


दीदारगंज व सिधारी थाना क्षेत्र में संगठित अपराधों में शामिल था, कई मुकदमे पहले से दर्ज


आजमगढ़ : जनपद के थाना दीदारगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगेस्टर एक्ट के तहत वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शनि गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त पर वाहन चोरी, नकबजनी सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को थाना दीदारगंज पर प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश की तहरीर पर मुकदमा संख्या 19/2026 दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभियुक्तगण संगठित गिरोह बनाकर भौतिक और आर्थिक लाभ के लिए लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था और गवाहों को भी डराया -धमकाया जा रहा था। इस मामले में अभियुक्त शनि गौतम घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मामले की विवेचना सरायमीर थाने के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे द्वारा की जा रही है। विशेष अभियान के तहत 25 फरवरी 2026 को प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग व वांछित अभियुक्तों की तलाश में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कुशलगांव बस स्टैंड चौराहे पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शनि गौतम पुत्र लालचन्द, निवासी ग्राम आमगांव थाना दीदारगंज जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 19 वर्ष बताया। अभियुक्त को समय लगभग 08:50 बजे पुलिस हिरासत में लेकर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ दीदारगंज और सिधारी थानों में पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment