अभियुक्ता पर घटना का वीडियो बना धमकाने का है आरोप, पति पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
आजमगढ़: जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म कराने की साजिश रचने और घटना का वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बीते 16 फरवरी 2026 को थाना निजामाबाद पर तहरीर प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि 14 फरवरी 2026 को एक नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर ईंट भट्ठे के पास स्थित एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया गया। इसके बाद अभियुक्ता जुगनू पत्नी अब्दुल्ला निवासी ग्राम रोवा थाना रानी की सराय ने अपने पति अब्दुल्ला को मौके पर बुलाया, जिसने नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि अभियुक्ता द्वारा पूरी घटना का वीडियो मोबाइल फोन से बनाया गया और पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में थाना निजामाबाद पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अब्दुल्ला को पहले ही 19 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं, फरार चल रही अभियुक्ता जुगनू की तलाश जारी थी। आज 25 फरवरी 2026 को थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त के दौरान थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्ता फरिहा क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरिहा पोखरे के पास स्थित घर के बाहर से अभियुक्ता को लगभग 10:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्ता को विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment