एसकेडी विद्या मन्दिर में गूंजा प्रेरणा और आत्मविश्वास का स्वर, विद्यार्थियों को मिला जीवन-दर्शन
आजमगढ़: जीवन में असफलता नाम की कोई स्थिति नहीं होती। विपरीत परिस्थितियों में व्यक्ति या तो विजयी बनता है या फिर अनुभवों से सीखकर और अधिक परिपक्व होता है। इन्हीं अनुभवों से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। यह उद्गार देश के ख्यातिप्राप्त कथा वाचक एवं मोटिवेशनल स्पीकर आचार्य शान्तनु जी महाराज ने जहानागंज क्षेत्र के धनहुंआ स्थित एसकेडी विद्या मन्दिर में आयोजित भव्य मोटिवेशनल सेमिनार में व्यक्त किए। बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य शान्तनु जी महाराज एवं विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम आरंभ से ही प्रेरणा, ऊर्जा और आत्मविश्वास से ओत-प्रोत दिखाई दिया। अपने प्रभावशाली संबोधन में आचार्य जी ने कहा कि दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी है। संकल्प में यदि विकल्प प्रवेश कर जाए तो वह दुविधा को जन्म देता है, जो लक्ष्य प्राप्ति में सबसे बड़ी बाधा बनती है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और अटूट निश्चय के साथ किया गया प्रयास कभी निष्फल नहीं होता। आचार्य शान्तनु जी महाराज ने स्वामी विवेकानन्द के जीवन से उदाहरण देते हुए कहा कि जीवन की सार्थकता उसकी अवधि में नहीं, बल्कि उसकी गहराई में निहित होती है। जीवन में आने वाली समस्याएं हमें कमजोर करने नहीं, बल्कि मजबूत बनाने आती हैं। उनसे डरने के बजाय जब हम साहसपूर्वक सामना करते हैं, तभी व्यक्तित्व का निर्माण होता है। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आचार्य जी ने उन्हें व्यवहारिक जीवन के सूत्र प्रदान किए। छात्रा हिमांगी द्वारा पूछे गए प्रश्न भक्ति और अध्ययन में संतुलन कैसे बनाए रखे, के उत्तर में उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अध्ययन ही सबसे बड़ी भक्ति है। समय और कर्तव्य के प्रति ईमानदारी ही सच्ची साधना है। इस अवसर पर एसकेडी ग्रुप के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने आचार्य जी सहित सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सशक्त मंच संचालन संतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों सहित अनिल सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, विवेक सिंह, गुड्डू सिंह, रणविजय, रोशन, कमलेश राय, भूपेन्द्र मिश्र, रामावतार उपाध्याय, शुभम आदि अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment