.

आजमगढ़: अखिलेश सोनकर हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल


24 घंटे के अंदर पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को दबोचा,तमंचा व कारतूस बरामद

आजमगढ़: जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और हत्या के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, मेहनाजपुर थाने की पुलिस मानिकपुर मोड़ पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अखिलेश सोनकर हत्याकांड में वांछित आरोपी वरुण यादव पुलिस को देखकर भागने लगा। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के उचहुआ गांव निवासी वरुण यादव उर्फ शेरु के रूप में हुई है। थाना प्रभारी मनीष पाल ने बताया कि 31 दिसंबर की रात वरुण यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर अखिलेश सोनकर को लाठी-डंडे से मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर दिया और मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment