मेंहनगर थाना क्षेत्र के कंझारी गांव की घटना,मचा कोहराम
आजमगढ़: मेंहनगर थाना क्षेत्र के कंझारी गांव में शनिवार की सुबह करीब छह बजे पेड़ पर चढ़कर दातून तोड़ने समय पोखरे में गिरने से विक्की (24) की मौत हो गई। स्वजन में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है। युवक सुबह गांव के बाहर स्थित पोखरे की तरफ टहलने के लिए गया हुआ था। इसी बीच वह पोखरे किनारे लगे नीम के पेड़ पर चढ़कर दातून तोड़ने लगा। अचानक वह असंतुलित होकर पोखरे में गिर गया। पोखरे के आसपास किसी के न होने से उसके चीखने की आवाज को कोई सुन नहीं सका। इससे वह गहरे में पानी में डूब गया। काफी देर बाद लोग खेतों की तरफ गए तो पेड़ के नीचे पड़े चप्पल दिखाई देने से किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसी बीच पोखरे में शव दिखाई दिया। इस पर वह हो हल्ला मचाने लगे। काफी संख्या में लोग आ गए। किसी तरह से पोखरे से शव को बाहर निकाला गया। इसकी पहचान होने पर स्वजन व पुलिस को सूचना दी गई। सिंहपुर चौकी इंचार्ज सुभाष चंद्र तिवारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। जिनमें दो भाई अपनी रोजी रोटी के लिए गैर प्रांत में रह प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं। घर की आर्थिक हालत भी काफी खराब है।
Blogger Comment
Facebook Comment