.

.

.

.
.

आजमगढः जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा के विजय यादव ने लहराया परचम


अपने गढ़ में सपा ने लगातार तीसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी हासिल की

विजय यादव ने 79 वोट प्राप्त कर पिता की साख को रखा बरकरार

आजमगढ़: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी विजय यादव जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को हुए चुनाव में अपना परचम लहराने में कामयाब हो गए। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा के प्रत्याशी संजय निषाद को 74 मतो के अंतर से पराजित कर चुनाव में जीत हासिल की। आजमगढ़ में सपा लगातार तीसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सीट पर कब्जा जमाने में कामयाब रही। आजमगढ़ में कुल 84 जिला पंचायत सदस्यों के लिए शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक सख्त सुरक्षा घेरे में नेहरू हाल में मतदान शुरू हुआ। दोपहर सवा दो बजे सभी 84 वोट डाले जा चुके थे। तीन बजे के बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। शाम तक परिणाम घोषित कर दिया गया। प्रेक्षक के रूप में वरिष्ठ अधिकारी राम निवास भी जिले में मौजूद रहे। जिला पंचात अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी विजय यादव को 79 व संजय निषाद को 05 मत मिले। इस प्रकार से विजय यादव भाजपा प्रत्याशी को 74 मतो के अंतर से पराजित कर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज हो गए। विजय की जीत पर सपाइयों में खुशी की लहर है। मतदान को लेकर सपा व भाजपा खेमे में सुबह से ही समर्थकों में गहमा-गहमी देखने को मिली। सपा ने विजय यादव को व भाजपा ने संजय निषाद को अपना प्रत्याशी बनाया था। संजय निषाद के पिता कन्हैया निषाद मुंबई के बड़े व्यवसायी हैं। कन्हैया निषाद वर्ष 2017 में भाजपा की टिकट पर अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र से जिले के कद्दावर सपा नेता व पूर्व मंत्री बलराम यादव के पुत्र डा. संग्राम यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था। भले ही कन्हैया को जीत नहीं मिली लेकिन उन्होंने संग्राम यादव को जोरदार टक्कर दी। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पद के सपा प्रत्याशी विजय यादव मोहम्मदपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख रहे हैं । उनके पिता दुर्गा प्रसाद यादव कई बार से आजमगढ सदर विधान सभा से विधायक हैं। अखिलेश यादव की सरकार में दुर्गा प्रसाद यादव मंत्री भी रह चुके हैं। विजय की जीत से पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव की साख बरकरार रही। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर नवनिर्वाचित हुए सपा प्रत्याशी विजय यादव ने अपनी जीत का सेहरा जिला पंचायत सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि वे विकास पर विश्वास करते हैं। उनका प्रयास होगा कि जिले के सभी क्षेत्र में विकास कार्य हों।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment