.

.

.

.
.

आज़मगढ़: घर से दोस्तों के साथ निकले किशोर की संदिग्ध हाल में मौत, हत्या का आरोप


मेहनगर थाना क्षेत्र के कटाई गांव का मामला, महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य का पुत्र है मृतक

परिजनों ने दोस्तों पर ही पीटकर मारने का आरोप लगाया, पुलिस मामले की जांच में जुटी है

आजमगढ़. घर से दोस्तों के साथ समोसा खाने गए किशोर का शव रास्ते में पाया गया। उसके मित्र मौके से फरार थे। जानकारी होने पर परिवार के लोग उसे अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर सीओ, थानाध्यक्ष शुक्रवार की सुबह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने दोस्तों पर ही पीटकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटाई गांव निवासी अमित 14 पुत्र रामधनी गौड़ गुरुवार की देर शाम करीब 6.30 बजे गांव के ही दीपक सरोज पुत्र पुल्लू सरोज व सुमित सरोज पुत्र त्रिभुवन सरोज के साथ पास की चट्टी पर समोसा खाने गया था। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि अमित घायल अवस्था में रास्ते पर पड़ा है। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुुंचेे और उसे स्थानीय अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले आए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों दोस्तों ने मार पीटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गए। रामधनी का कहना है कि अमित का वर्ष 2013 में आंत का आपरेशन हुआ था। दोनों दोस्तो ने उसके पेट में मारा होगा जिससे उसकी मौत हो गयी होगी। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
किशोर के हत्या की सूचना से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी प्रियंका प्रियदर्शिनी, क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज कुमार रघुवंशी तथा थाना प्रभारी पंकज कुमार श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। एसडीएम के समझाने के बाद लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट आने के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक की मांं चम्पा गौड़ क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं ।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment