आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव के पास शनिवार की देर शाम बाजार से घर लौट रहे युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। पीठ को छेदते हुए गोली पार निकल गई और युवक घायल होकर गिर गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की तहरीर के आधार पर पुलिस दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। घायल युवक अखिलेश सिंह (35) पुत्र रणवीर रानी की सराय थाने के हसनपुर गांव का निवासी है। वह शनिवार की देर शाम को अपनी बाइक से बाजार आया था। रानी की सराय बाजार के पटेल नगर से सब्जी लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही अपने गांव के पास पहुंचा पीछे से एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पीछे से अखिलेश को गोली मार दी। पीठ में दाहिनी तरफ गोली आरपार हो जाने से घायल अखिलेश बाइक लेकर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग पहुंचे और अखिलेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोगों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के संबंध में अखिलेश ने तहरीर देकर दूसरे दिन रविवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। बता दें कि अखिलेश भी अपराधी किस्म का है। उसके खिलाफ थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अखिलेश के रिकार्ड को खंगालते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Blogger Comment
Facebook Comment