.

आजमगढ़ : प्रतिबंधित मछली बेचने पर पांच व्यापारियों पर मुकदमा,08 कुंटल थाई मांगुर मछली बरामद

एनजीटी ने देश में सेहत के लिए हानिकारक विदेशी थाई मांगुर मछली की बिक्री पर रोक लगाई है

आजमगढ़ : शहर के शारदा चौराहा स्थित मछली मार्केट में प्रतिबंधित विदेशी थाई मांगुर मछली बेचने की खबर पर रविवार को एसडीएम सदर प्रशांत कुमार नायक ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। छापेमारी से मछली व्यवसायियों में अफरी-तफरी मच गई। इस दौरान पांच व्यापारियों के यहां से लगभग आठ कुंटल प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली बरामद की गई। बरामद मछलियों को गड्ढा खोद कर नष्ट करा दिया गया।
प्रतिबंध के बाद भी जिले में विदेशी थाई मांगुर मछली की सप्लाई की जा रही है और खुले आम बेची जा रही थी। इसकी जानकारी होने पर रविवार को एसडीएम सदर ने नगर कोतवाली पुलिस के साथ शारदा चौराहे के पास सुबह लगने वाली मछली मंडी पर छापा मारा। तलाशी लेने पर पांच व्यापारियों के यहां प्रतिबंधित विदेशी थाई मांगुर बरामद किए गए। कुल लगभग आठ कुंटल मछली बरामद होते ही अन्य व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। बरामद मछलियों को गड्ढा खोद कर नष्ट कराया दिया गया। एसडीएम ने बताया कि एनजीटी ने पूरे देश में नागरिकों की सेहत के लिए हानिकारक विदेशी थाई मांगुर मछली की बिक्री पर रोक लगाई है। कारण कि यह मछली सड़ा-गला मांस खाती है। इसकी वजह से जलीय पर्यावरण असंतुलित हो जाता है। इसके खाने से सेहन बिगड़ने का खतरा रहता है।
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित मछली बेचने पर पांच व्यापारियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 270 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment