.

बरदह : महिला की संदिग्ध हालत में मौत,तालाब से शव बरामद,दहेज हत्या का आरोप

बरदह क्षेत्र के सतैनी गांव की घटना, दहेज हत्या का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज,सास व जेठानी को हिरासत में

आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र के सतैनी गांव में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी। उसका शव गुरुवार की रात को पुलिस ने तालाब से बरामद किया। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने सास व जेठानी को हिरासत में ले लिया है।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के तिलसड़ा गांव निवासी राम आसरे गिरी की पुत्री 32 वर्षीय सरिता की शादी वर्ष 2009 में सतैनी गांव निवासी धीरेंद्र गिरी के साथ हुई थी। उसके एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। परिजन का कहना है कि सरिता गुरुवार की रात को लगभग नौ बजे घर से शौच के लिए निकली थी। उसने परिवारिक कलह के चलते पोखरे में कूद कर आत्महत्या कर ली। जब वह काफी देर बाद भी घर नहीं आयी तो परिवार के लोग उसे खोजने के लिए निकले। पोखरे में उक्त महिला का शव देख परिजन सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर मेंहनगर थानाध्यक्ष श्रीधर पांडेय के साथ ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए। मृत महिला के पिता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल के लोग शादी के बाद से ही उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते रहते थे। गुरुवार को भी उसे मारापीटा था। पुत्री ने जब फोन कर सारी बात बताई तो मायके के लोग गुरुवार को दोपहर ही ससुराल आ गए। उन्होंने परिजन को समझाने बुझाने के बाद वापस घर चले गए। रात में उनकी बेटी की हत्या कर शव को पोखरे में फेंक दिया। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मेंहनगर थानाध्यक्ष का कहना है कि मृत महिला के पिता की तहरीर पर पति धीरेंद्र, ससुर राम आसरे गिरी, सास उर्मिला देवी, जेठानी पुष्पा पत्नी वीरेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद ही पति व ससुर फरार हो गए। सास व जेठानी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment