.

.

.

.
.

मऊ : बाइक सवार बदमाशों ने गैंगस्टर की गोली मारकर हत्या कर दी,एक अन्य घायल


पांच साल पूर्व रमऊपुर निवासी बद्री यादव की गोली मारकर हत्या में मृतक दीपन यादव भी आरोपित था

मऊ : जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के मित्तूपुर बंधे पर रविवार की सुबह सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने गैंगस्टर दीपन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। उसे दौड़ाकर चार गोलियां मारी गई। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल भेजा गया है। आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए चक्काजाम भी किया। गजियापुर बंधे पर पांच साल पूर्व रमऊपुर निवासी बद्री यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई थी। इस हत्या में दीपन भी आरोपित था। इसी घटना को आज की हत्या से जोड़कर पुलिस देख रही है। पुलिस के अनुसार दीपन पर भी कई मामले पहले से दर्ज हैं।मधुबन थाना क्षेत्र के नई बस्ती दुबारी निवासी 45 वर्षीय किसान दीपन यादव गांव के ही अपने मित्र अमरजीत के साथ तिघरा गांव गये थे। यहां से वह बाइक से घर लौट रहे थे। मित्तूपुर बंधे पर हरेंद्र यादव से रूककर बात करने लगे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश आये और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। दीपन यादव जान बचाकर भागा तो बदमाशों ने दौड़ाकर इसे चार गोलियां मार दीं। पेट व सिर में गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बदमाशों को रोकने की कोशिश कर रहे हरेंद्र यादव को भी बदमाशों ने बाये पैर के जंघे में गोली मार दी। लहूलुहान होकर वह जमीन पर तड़पने लगा। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों को बंधे की तरफ आते देख बदमाश फायर करते हुये भाग निकले। हरेंद्र को पहले स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर बदमाशों की धर पकड़ में जुट गये। सरेराह घटना से लोगों में दहशत है। बदमाशों का हौसला इस कदर बुलंद था कि किसान को दौड़कर गोली मारने के बाद जब वह जमीन पर गिर गया तो भी बदमाशों ने गोली मारी। पास जाकर हिलाकर देखा कि मरा या नहीं। घटना स्थल पर 20 मिनट तक बदमाशों ने तांडव किया। इस दुस्साहस ने लोगों को दहशत में ला दिया है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment