.

.

.

.
.

सपा -बसपा गठबंधन से लालगंज लोकसभा प्रभारी के रूप में संगीता आजाद के नाम का एलान

 कांग्रेस की जरूरत नहीं , यह गठबंधन भाजपा को कफना कर दफना देगा - घनश्याम खरवार 

लालगंज :आजमगढ़:  बहुजन समाज पार्टी व समाजवादी पार्टी लोकसभा 68 लालगंज सुरक्षित संसदीय सीट का कार्यकर्ता सम्मेलन गुरुवार को शगुन मैरेज हाल में आयोजित किया गया। खचाखच भरे इस सम्मेलन में लालगंज सुरक्षित लोकसभा सीट से प्रभारी के रूप में संगीता आजाद के नाम का एलान किया गया। मुख्य अतिथि घनश्याम खरवार ने इस संयुक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह गठबंधन भाजपा को कफना कर दफना देगा। पूर्व में ईवीएम में भी गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को भरमा करके भाजपा वोट तो ले लेती है किंतु अंत में मुख्यमंत्री आदि दूसरे को बना दिया जाता है। बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर कहा करते थे कि सत्ता के मंदिर पर कब्जा करो। उन्होंने काला धन वापस लाए जाने की बात पर कटाक्ष करते हुए कहा जो भाजपा को वोट देने की बात करे उससे आप स्पष्ट कह देना कि 15 लाख खाते में भिजवा दो तो वोट दे देंगे। उन्होंने कहा 1993 में विधानसभा के चुनाव में एक गठबंधन किया था जिसमें भाजपा का पत्ता साफ हो गया था दूसरी पीढ़ी के लोग भी साइकिल और हाथी लेकर इस बार दौड़ाएंगे और इस लोकसभा में इनका पता नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कांग्रेस को कुछ लोग गठबंधन में शामिल किए जाने की वकालत कर रहे हैं किंतु भाजपा को हराने के लिए यह गठबंधन ही काफी है। लालगंज लोकसभा क्षेत्र में सपा और बसपा के 4 विधायक हैं जो संगीता आजाद की नैया को आसानी से पार लगाएंगे। इससे पूर्व सेक्टर नंबर 6 प्रभारी वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर क्षेत्र इंदल राम ने कहा 44 पार्टियों को मिलाकर सरकार चला रही भाजपा पर सपा बसपा के एक होते ही उसके पेट में दर्द होने लगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को समाप्त करना चाहती है। जो शोषित दलित आदि को आरक्षण मिला है उसे भी यह कमजोर करने का षड़यंत्र रच रही है। इस अवसर पर पांचों विधानसभा क्षेत्र में आने वाले सभी विधायक आदि मौजूद थे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर, विधायक आजाद अरिमर्दन उर्फ पप्पू आजाद, विधायक डॉक्टर संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, पूर्व विधायक बेचई सरोज, राकेश गुड्डू, चंद्रदेव यादव करैली, हाजी इसरार अहमद, हरिश्चंद्र गौतम, बलिहारी बाबू, विद्या चौधरी, मोहम्मद आरिफ आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment