जहानागंज (आजमगढ़) : जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतिर जगदीशपुर गांव में एक विवाहिता ने गुरुवार को संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत विवाहिता के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति के खिलाफ जहानागंज थाना में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपित पति की तलाश कर रही है। मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ेगांव निवासी प्रदीप राजभर की बहन 25 वर्षीय कंचन राजभर की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व बरहतिर जगदीशपुर गांव निवासी संतोष राजभर के साथ हुई थी। उसके सास व श्वसुर की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। पति के अलावा घर मे उसके दो पुत्र भी रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा व मारपीट होती रहती थी। एक साल पूर्व भी उक्त विवाहिता ने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। बुधवार की रात को भी पति-पत्नी के बीच आपस में कहासुनी हुई थी। गुरुवार की दोपहर को लगभग तीन बजे विवाहिता ने घर के अंदर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की जानकारी जब मायका पक्ष के लोगों को हुई तो वे भी मौके पर आ गए। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहानागंज थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि मृत विवाहिता के भाई प्रदीप की तहरीर पर पति के खिलाफ दहेज हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Blogger Comment
Facebook Comment