मुबारकपुर :आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र के डिलिया गांव में शनिवार को दिन में मोबाइल फोन पर गाली देने के विवाद को लेकर कहासुनी हुई। कहासुनी के दौरान एक युवक ने दो युवकों को गोली मार दी । गोली से घायल युवकों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डिलिया गांव निवासी मिस्टी यादव पुत्र अरुण यादव ने अपने मोबाइल से फोन कर गांव के ही किसी युवक को गाली दे दी थी। गाली देने की बात को लेकर गांव निवासी 18 वर्षीय सत्यम सिंह पुत्र सत्येंद्र सिंह व 32 वर्षीय विनीत सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह शनिवार को दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे मिस्टी यादव के घर पर पूछताछ के लिए गए थे। पूछताछ के दौरान उनमें आपस में कहासुनी होने लगी। कहासुनी के दौरान मिस्टी घर में रखा तमंचा लेकर आया और दोनों युवकों को लक्ष्य कर गोली मार दी। सत्यम के बाएं हाथ की कोहनी व विनीत के जांघ में गोली लगने से वे घायल हो गए। परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को आननफानन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज करने के बाद डाक्टरों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मुबारकपुर थानाध्यक्ष मंजय सिंह ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
Blogger Comment
Facebook Comment