.

जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण हो -डीएम

आजमगढ़ 06 नवम्बर 2018-- जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक रवि शंकर छवि की अध्यक्षता में तहसील सगड़ी में सम्पूूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसमे किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। जन समस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर कुल 155 मामले आये, जिसमे से 08 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 147 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिए गये। प्राप्त मामलों में राजस्व के 111, पुलिस के 22, विकास के 07 तथा अन्य के 15 मामले शामिल हैं।
शिकायतकर्ता उपेन्द्र कुमार पुत्र कान्ता राम, ग्राम बासुपार बनकट जीयनपुर ने अवगत कराया है कि रामधारी पुत्र दस्सी के घर के सामने हमारी जमीन को जोर दबरदस्ती से कब्जा कर लिया है और अब उसी जमीन पर शौचालय बनवा रहा है, जबकि रामधारी पुत्र दस्सी का घर हमारे घर से 100 दूर स्थित है, मना करने पर मारपीट और फौजदारी पर अमादा हो जाते हैं, इस पर जिलाधिकारी ने एसएचओ जीयनपुर को निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त प्रकरण का निस्तारण जल्द से जल्द करना सुनिश्चित करें।
शिकायतकर्ता दुर्गा देवी ऊंचाडीह सलेमपुर, बरोहीफतेहपुर सगड़ी द्वारा बताया गया कि प्रार्थी गरीब अनुसूचित जाति की है तथा मेरे घर के सामने तथा बगल में अराजी नम्बर 289/032 हेक्टेयर नवीन पर्ती खाते की जमीन है, उक्त भूमि का पट्टा करने के बहाने लेखपाल धनराज तहसील सगड़ी द्वारा कानूनगो के सामने प्रार्थिनी से 15 हजार रू0 लिया गया, करीब 08 महीने हो गये हैं, न तो पट्टा किया गया और न ही प्रार्थिनी का पैसा वापस किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने एसओ रौनापार को उक्त प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिये।
शिकायकर्ता महेन्द्र कुमार यादव पुत्र कुंजल यादव, वैदरा थाना महराजगंज तहसील सगड़ी द्वारा अवगत कराया गया कि अराजी नम्बर 296 में बैनामेदार है, प्रार्थी के अराजी नम्बर 296 से सटी दक्षिण तरफ नाली व पूरब तरफ चकमार्ग है, जिसे अगल बगल के चकदरान जोत कर अपने खेत में मिला लिये हैं जिससे सिंचाई कार्य तथा आनेजाने में बाधा उत्पन्न हो गया है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार सगड़ी को निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त प्रकरण का समय से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
शिकायतकर्ता संतोष कुमार राय पुत्र स्व0 जितेन्द्र कुमार राय नगर पंचायत अजमतगढ़ ने बताया कि अराजी नम्बर 929 में 28 हेक्टेयर भूमि वर्ष 2014 में बैनामा ली गयी है और खतौनी में भी दर्ज है और उक्त भूमि पर 141 ट्राली भूमि गिरायी गयी है, परन्तु लेखपाल अजमतगढ़ द्वारा उप जिलाधिकारी सगड़ी के आदेश पर मिट्टी गिरवाना बन्द करवा दिया गया और बताया कि स्मिथ इण्टर कालेज अजमतगढ़ के प्रधानाचार्य द्वारा उक्त भूमि को अपनी बतायी जा रही है परन्तु उक्त गाटे में कहीं भी स्मिथ इण्टर कालेज का नाम नही है। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सगड़ी को निर्देशित करते हुए कहा कि पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम से जांच कराकर उक्त समस्या का निराकरण करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नही जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भिक स्तर पर ही जन समस्या का वास्तविक निस्तारण कर दें।
उन्होने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त हुए मामलों का समय से निस्तारण करना सुनिश्चित करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता क्षम्य नही होगी।
पुलिस अधीक्षक रवि शंकर छवि ने पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समस्याओं के निस्तारण करने में किसी प्रकार की लापरवाही न करें, इसे उच्च प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सगड़ी पंकज कुमार श्रीवास्तव, सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह, सीवीओ वीके सिंह, डीडी कृषि डाॅ0 आरके मौर्य, बीएसए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, डीएसओ देवमणी मिश्र, डीआईओएस बीके शर्मा, डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल, तहसीलदार सगड़ी अरविन्द कुमार सिंह, नायब तहसीलदार इन्द्रमणी तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी तथा तहसील के संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment