आजमगढ़ : पवई थाना क्षेत्र के बिलवाई गांव के सिवान में मंगलवार की सुबह पुलिस ने पेड़ से लटका एक युवक का शव बरामद किया। परिजनों ने बीमारी के चलते आत्महत्या कर लेने की बात कही। छानबीन के दौरान पेड़ के समीप से ही पुलिस ने मृत युवक की साइकिल व चप्पल भी बरामद किया।बिलवाई गांव निवासी 28 वर्षीय बृजकेश उर्फ बृजेश दुबे पुत्र रामा दुबे सोमवार की शाम को लगभग पांच बजे परिजनों से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह रात तक जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल करना शुरू किया। परिजनों का कहना है कि फोन करने पर मोबाइल की घंटी तो बज रही थी पर फोन रिसीव नहीं हो रहा था। बाद में मोबाइल स्विचऑफ हो गया। परिवार के लोग रात में उसकी तलाश किए पर उसका पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह शौच के लिए गए ग्रामीण गांव से लगभग पांच सौ मीटर दूर सिवान में स्थित आम के पेड़ की डाल के सहारे एक युवक का शव लटकता देख सन्न रह गए। खबर पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त बृजेश के रूप में की। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल के पास ही पड़ी मृत युवक की साइकिल व चप्पल बरामद कर लिया। परिजनों का कहना है कि वह कलान सुल्तानपुर गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल का वाहन चलाता था। काफी दिनों से वह बीमार था और इसके चलते वह अवसाद में था। इसके चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। दो पुत्रियां हैं। पत्नी कुमकुम का रो-रोकर बुरा हाल है।
Blogger Comment
Facebook Comment