तहबरपुर :: रैसिंगपुर क्रय केन्द्र पर नही शुरू हुई खरीद,डीएम ने लगाई फटकार तहबरपुर/आजमगढ़। स्थानीय क्षेत्र में शनिवार को जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक रवि शंकर छवि द्वारा संयुक्त रूप से खाद्य विभाग के तहबरपुर के धान क्रय केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इस केन्द्र पर धान खरीद की कार्यवाही चल रही थी, जिसमें कृषक केशरी नारायण निवासी बीबीपुर के 100 कुन्तल धान की खरीद की गयी। इसी के साथ-साथ पीसीएफ के साधन सहकारी समिति रैसिंगपुर के क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया गया। इस धान क्रय केन्द्र पर निरीक्षण के दौरा अभी खरीद शुरू नही हुई थी। इस पर जिलाधिकारी ने धान क्रय केन्द्र के केन्द्र प्रभारी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि धान जल्द से जल्द क्रय करना सुनिश्चित करें,यदि धान क्रय करने में किसी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता पायी गयी तो सख्त कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा पीसीएफ की साधन सहकारी समिति द्वारा बड़सरा खालसा धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कृषक राम उजागिर पाठक का धान 70 कुन्तल जो गीला था,उसे धान क्रय केन्द्र पर सुखाया जा रहा था। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा उक्त धान क्रय केन्द्रों के इलेक्ट्रानिक कांटा, छनना, नमी मापक यन्त्र, बोरे आदि का निरीक्षण किया गया तथा उक्त धान क्रय केन्द्र के केन्द्र प्रभारी/विपणन निरीक्षक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि धान क्रय लक्ष्य के सापेक्ष जल्द से जल्द क्रय करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला विपणन अधिकारी आरपी पटेल, धान क्रय केन्द्र के केन्द्र प्रभारी/विपणन निरीक्षक उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment