आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के पसिका गांव के पास स्थित तालाब में उगे कमलगट्टा तोड़ते समय डूब रहे पुत्र को बचाने के प्रयास में उसका पिता गहरे पानी में समा गया। काफी प्रयास के बाद पानी में समाए व्यक्ति को मृत हालत में तालाब से बाहर निकाला गया। घटना रविवार की शाम हुई बताई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बरदह थाना क्षेत्र के पसिका ग्राम निवासी 48 वर्षीय रामजियावन पुत्र हंसई रविवार की दोपहर अपने 18 वर्षीय पुत्र इंद्रेश के साथ गांव के पास स्थित तालाब में कमलगट्टा (पूजा में इस्तेमाल होने वाला फूल) तोड़ने गया था। शाम करीब 4.30 बजे तालाब में कमलगट्टा तोड़ रहा इंद्रेश अचानक डूबने लगा। उसके शोर मचाने पर तालाब के किनारे खड़ा रामजियावन पुत्र को बचाने के प्रयास में तालाब में उतरा और वह गहरे पानी में समा गया। इंद्रेश किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। उसके शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद रामजियावन को तालाब से मृत हालत में बाहर निकाला गया। घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी मन्ता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन पुत्र बताए गए हैं।
Blogger Comment
Facebook Comment