.

01 नवम्बर से प्रारम्भ होगी धान की खरीद,किसानो का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य

आजमगढ़ 17 अक्टूबर 2018-- अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गुरू प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में धान क्रय केन्द्र के प्रभारियों के साथ धान खरीद कार्यशाला/बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने बताया कि धान की खरीद 01 नवम्बर से प्रारम्भ हो रही है तथा धान खरीद हेतु कुल 52 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं जिसमें खाद्य विभाग के 20, पीसीएफ के 24, यूपी एग्रो के 03, कर्मचारी कल्याण निगम के 03 तथा भारतीय खाद्य निगम के 02 धान क्रय केन्द्र हैं।
उन्होने बताया कि धान खरीद वर्ष 2018-19 में आनलाइन खरीद की जायेगी, जिसके लिए कृषकों का आनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण कराने हेतु भू-सम्बन्धित अभिलेख/खतौनी, पहचान पत्र, आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक आवश्यक है। कृषक खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.nic.in पर किसी भी जन सुविधा केन्द्र या साइबर कैफे से पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होने बताया कि शासन द्वारा धान का समर्थन मूल्य काॅमन धान 1750 रू0 एवं ग्रेड-ए 1770 रू0 प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। समर्थन मूल्य के अतिरिक्त किसानों को उतरायी, छनायी/सफाई के लिए 20 रू0 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान समर्थन मूल्य के साथ किया जायेगा। उन्होने आगे यह भी बताया कि समस्त क्रय एजेन्सियां क्रय निति में दी गयी व्यवस्था के अनुसार सुख सुविधा की व्यवस्था हेतु प्रत्येक क्रय केन्द्रों को 9000 रू0 अग्रिम देंगी, जिसका समायोजन देय मण्डी शुल्क से करेंगे। प्रत्येक क्रय केन्द्र किसानों की सुविधा के लिए छाया, कूर्सी, पेय जल की व्यवस्था करना सुनिश्चित कर लें।
उन्होने समस्त धान क्रय केन्द्र के प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक केन्द्र पर इलेक्ट्रानिक कांटा, नमी मापक यन्त्र, पंखा, छनना आदि की व्यवस्था 25 अक्टूबर 2018 तक करना सुनिश्चित करें। क्रय एजेन्सीयों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे न्यूनतम 05 गांठ व धनराशि कम से कम 25 लाख रू0 की व्यवस्था होनी चाहिए। यदि जमीन महिला के नाम पर है और महिला केन्द्र पर आती है तो क्रय केन्द्रों पर महिला कृषकों को वरियता दी जायेगी और बिना नम्बर के भी उनका धान क्रय किया जायेगा।
उन्होने समस्त उप जिलाधिकारियों/नोडल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित धान क्रय केन्द्रों का प्रत्येक सप्ताह निरन्तर निरीक्षण करें और केन्द्रों पर बोरा, धनराशि आदि की व्यवस्था अनुसरण करते हुए खरीद सुनिश्चित करायें। इसी के साथ-साथ जिला निबन्धक सहकारी समितियां, समस्त एडीओ/एडीसीओ की ड्यूटी लगाकर प्रत्येक क्रय केन्द्रों पर निरीक्षण कराते हुए खरीद सुनिश्चित करायंे।
इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी आरपी पटेल, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त धान क्रय केन्द्रों के जिला प्रबन्धक/प्रभारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment