मूर्ति विसर्जन के रास्ते तत्काल गड्ढामुक्त हों ,कहीं भी पेयजल व विद्युत् व्यवस्था ख़राब न मिले आज़मगढ़ 10 अक्टूबर -- मण्डलायुक्त जगत राज ने कहा है कि आयुष्मान भारत गरीबों के लिए एक वरदान है तथा यह भारत सरकार की अत्यन्त महत्वाकांक्षी योजना है, इसलिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए लोगों को जागरूक करें तथा अधिक से अधिक लोगों को रजिस्ट्रेशन हेतु प्रेरित करें। मण्डलायुक्त ने बुधवार को अपने कार्यालय के सभागार में आयोजित शासन के विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था, कर एवं करेत्तर तथा स्थानीय निकायों की आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आयुष्मान भारत के तहत मण्डल के तीनों जनपदों में रजिस्ट्रेशन की स्थिति बहुत ही कम पाये जाने पर इसे प्रचार प्रसार की कमी मानते हुए अपर निदेशक स्वास्थ के साथ ही सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को इस ओर व्यक्तिगत ध्यान देने का निर्देश दिया। इसी के साथ उन्होंने आगामी दिनों में पड़ने वाले त्योहारों दशहरा, दीपावली आदि के अवसर पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मूर्ति स्थापना वाले स्थलों, मूर्ति विसर्जन के मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मूर्ति विसर्जन के मार्गों को तत्काल गड्ढामुक्त किया जाय, कहीं से भी विद्युत, पेयजल व्यवस्था बाधित होने तथा सड़कें खराब होने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पण्डालों आदि पर पुलिस की तैनाती करने तथा पेट्रोलिंग बढ़ाये जाने का भी निर्देश दिया। मण्डलायुक्त जगत राज ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति का जायज़ा लेते हुए पाया कि जनपद को ओडीएफ घोषित कियो जाने हेतु निर्धारित अवधि 30 नवम्बर तक लक्ष्य प्राप्त करने हेतु आज़मगढ़ में 5235 शौचालयांे का निर्माण प्रतिदिन किया जाना जरूरी है परन्तु वर्तमान में औसतन 3115 शौचालयों का ही निर्माण कार्य हो रहा है। इसी प्रकार बलिया में मात्र 1335 शौचालय प्रतिदिन बनाये जा रहे हैं जबकि लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रतिदिन 5 हजार से अधिक का एवरेज होना चाहिए। उन्होंने इन दोनों जनपदों की प्रगति अत्यन्त धीमी पाये जाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित मुख्य विकास अधिकारियों एवं डीपीआरओ को निर्देशित किया कि तत्काल पर्याप्त मैटैरियल की व्यवस्था करते हुए और अधिक राजमिस्त्री लगाये जायें तथा हर स्तर पर पर्यवेक्षणीय दायित्व भी निर्धारित किया जाय। मण्डलायुक्त ने आगाह किया निर्धारित अवधि के बाद भी यदि लक्ष्य पूरा नहीं होता है तो सम्बन्धित अधिकारियों के विरुद्ध निश्चित रूप से कार्यवाही होना तय है। इसी प्रकार जनपद मऊ के ओडीएफ घोषित हो जाने के बावजूद वहाॅं पर कुछ शौचालयों का निर्माण होना अभी बाकी है। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि बड़े गांवों को लक्ष्य में शामिल करते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाय। आईईसी में जनपद आज़मगढ़ की स्थिति खराब पाये जाने पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी से इस सम्बन्ध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। सौभाग्य योजना के तहत विद्युत कनेक्शन दिये जाने के सम्बन्ध में मुख्य अभियन्ता विद्युत द्वारा अवगत कराया गया कि कुछ स्थानों पर दबंग किस्म के लोगों द्वारा विद्युत कनेक्शन लेने से रोका जा रहा है तथा कटिया कनेक्शन के माध्यम से विद्युत चोरी करने वाले भी कनेक्शन लेने के कतरा रहे हैं। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया सम्बन्धित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से तत्काल सम्पर्क कर टीम गठित की जाय तथा ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ कार्यवाही की जाय। मण्डलायुक्त जगत राज द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम की अद्यतन स्थिति की जानकारी करने पर उप निदेशक समाज कल्याण द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद मऊ एवं बलिया में कुछ रजिस्ट्रेशन हुआ है परन्तु आज़मगढ़ में अभी कोई रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। मण्डलायुक्त ने इस स्थिति को अपेक्षित प्रचार प्रसार तथा इसके प्रति लोगों को जागरूक व प्रोत्साहित करने में अपेक्षित रूचि की कमी मानते हुए इसमें पूरी क्षमता से कार्य करने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त जगत राज ने सड़क सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा के दौरान कहा कि प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु हो रही है। उन्होेंने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि इसे रोकने के लिए पुलिस, परिवहन तथा मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम बनाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाय, चेकिंग मंे कोई भी वाहन नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित पम्फलेट छपवाकर स्कूलों में वितरित कराया जाय ताकि बच्चे शुरू से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। इसी क्रम में उन्होेंने एडी बेसिक को निर्देश दिया कि स्वच्छ भारत मिशन की तरह सड़क सुरक्षा के सम्बन्ध में भी स्कूलों में समय निर्धारित करने की व्यवस्था करें। मण्डलायुक्त ने कहा कि प्रायः विद्यालयों की बसें सड़कों पर खड़ी रहती हैं जिससे यातायात बाधित होता है। उन्होने आरटीओ को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों की बसें सड़कों पर खड़ी होती हैं उन विद्यालयों को तत्काल नोटिस जारी करें। मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जो भी चिन्हित ब्लैक स्पाट हैं वहाॅं पर तत्काल साइनेज लगवाना सुनिश्चित किया जाय। बैठक में डीआईजी विजय भूषण ने कहा कि आज़मगढ़ में कप्तानगंज से अम्बेडकरनगर जाने वाली सड़क पर नवनिर्मित फ्लाई ओवर पर कोई रोक नहीं है तथा वहाॅं सड़क खराब होने से वाहन उस फ्लाई ओवर से गुजरते हैं जिससे किसी भी दिन कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होने एनएचएआई के अधिकारी को तत्काल सड़क ठीक करने तथा फ्लाई ओवर पर रोक लगाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बलिया भवानी सिंह खंगारौत, जिलाधिकारी मऊ प्रकाश बिन्दु, पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ रवि शंकर छवि, पुलिस अधीक्षक बलिया सुश्री श्रीपर्णा गांगुली, पुलिस अधीक्षक मऊ ललित कुमार सिंह, अपर आयुक्त (प्रशासन) राजेन्द्र कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त हरिश्चन्द्र वर्मा, सीडीओ आज़मगढ़ कमलेश कुमार सिंह, सीडीओ बलिया बद्रीनाथ सिंह एवं सीडीओ मऊ आशुतोष कुमार द्विवदी, अपर निदेशक स्वास्थ्य डा0 एनएल यादव, मुख्य राजस्व अधिकारी आज़मगढ़ आलोक वर्मा, उप आबकारी आयुक्त एसपी चैधरी, उप निदेशक पंचायती राज जयदीप त्रिपाठी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या राजाराम यादव, संभागीय परिवहन अधिकारी दरोगा सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मण्डल एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Blogger Comment
Facebook Comment