.

बरदह : युवक का अबूझ हाल में पेड़ से लटका हुआ शव मिला,पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार

आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र के चकचोर्रा गांव में शुक्रवार की सुबह अबूझ हाल में एक युवक का पेड़ से लटका हुआ शव पुलिस ने बरामद किया। ग्रामीणों ने उक्त युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई तो पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।बरदह थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी 22 वर्षीय संजय बिंद पुत्र भूलन गुरुवार की रात को भोजन कर घर से कमालपुर चौराहे पर चल रही रामलीला देखने के लिए गया हुआ था। शुक्रवार की सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने कमालपुर गांव से लगभग एक किमी दूर स्थित चकचोर्रा गांव के सिवान में जामुन के पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे उसका शव लटका देखा तो सनसनी फ़ैल गयी । पेड़ से शव लटके होने की खबर पाकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिवार के लोग भी मौके पर आ गए। इस बीच किसी ने इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी। मृत युवक के पिता का कहना है कि परिवार के किसी भी सदस्य से किसी की कोई दुश्मनी नहीं है । आत्महत्या के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनके पुत्र संजय ने भी कोई ऐसी बात नहीं बताई जिससे वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो। मृतक संजय तीन भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था। उसकी मां का निधन कई माह पूर्व ही हो चुका है। वह अपने पिता के साथ वह खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था। इस बारे में बरदह थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि छानबीन में कोई ऐसी बात सामने नहीं आई है जिससे हत्या या आत्महत्या की बात पुख्ता तरीके से कही जा सके। मौत का कारण पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment