.

अहरौला:: माहुल बाजार के समीप ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत

माहुल (आजमगढ़) : अहरौला थाना क्षेत्र के अहरौला-पवई मुख्य मार्ग पर स्थित माहुल बाजार के समीप रविवार की शाम को ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। घटना के समय वह बाजार से सामान खरीदकर घर जा रहा था।अहरौला थाना क्षेत्र के गुमकोठी गांव निवासी 60 वर्षीय महेंद्र कुमार पुत्र मोतीलाल रविवार की शाम को लगभग चार बजे माहुल बाजार सामान खरीदने के लिए आया था। वह बाजार से सामान खरीदकर साइकिल पर सवार होकर घर वापस जा रहा था। रास्ते में माहुल बाजार के समीप स्थित अशरफिया इंटर कालेज के समीप पहुंचा था। उसी दौरान ट्रक के चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने बाइक से पीछा कर गाड़ी समेत उसे माहुल विद्युत उपकेंद्र के समीप से पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र पर भेजवाया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टर ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी फूला देवी रो रो कर बेसुध हो जा रही थी। उसके चार पुत्र व एक पुत्री हैं। छोटा पुत्र व पुत्री अविवाहित हैं। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment