आजमगढ़ :: निजामाबाद थाने के निजामाबाद-फरिहां मार्ग पर बड़ा गांव के पास शनिवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे ट्रक से कुचल कर छह साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को पुलिस ने पीछा कर धर दबोचा। मृत बच्ची अपनी मां के साथ ननिहाल जा रही थी। रोड पार करते समय हादसे की शिकार हो गई। जबकि मां बाल-बाल बच गई। निजामाबाद थाने के इजारी का पुरा गांव निवासिनी अनुभवी पुत्री अशोक शनिवार को सुबह अपनी मां के साथ निजामाबाद थाने के नंदपुर गांव स्थित अपने ननिहाल जाने के लिए निकली थी। मां-बेटी निजामाबाद-फरिहां मार्ग पर बड़ा गांव के पास आटो रिक्शा से उतर कर रोड पार कर नंदपुर गांव के लिए जा रही थी। इस बीच फरिहां की ओर से आ रहा ट्रक बच्ची को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। मौके पर ही बच्ची की मौत होते ही मां दहाड़े मार कर रोने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा कर भाग रहे चालक सहित ट्रक को निजामाबाद कस्बे के पास धर दबोचा और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृत बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Blogger Comment
Facebook Comment