.

बगैर अनुमति अंबेडकर प्रतिमा की स्थापना, रिपोर्ट:: युवती पर चाकू से प्रहार…अन्य खबरों के लिए क्लिक करें

बगैर अनुमति अंबेडकर प्रतिमा की स्थापना, नौ के खिलाफ रिपोर्ट
आजमगढ़:: सिधारी थाने की पुलिस ने क्षेत्र के एकरामपुर गांव में प्रशासन की अनुमति के बगैर एक व्यक्ति के खेत में डा. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना करने तथा विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने के मामले में आरोपित किए गए नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सिधारी थाना क्षेत्र के एकरामपुर ग्राम निवासी रामबदन यादव पुत्र रामधनी का आरोप है कि बीते एक अप्रैल को गांव के ही रिंकू मौर्य पुत्र शिवमंगल सहित नौ लोग पीड़ित के खेत में कब्जा करने की नियत से डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दिए। विरोध करने पर विपक्षीगण पीड़ित को मारे-पीटे और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में मुकामी पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपित किए गए लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।


अगवा की गई किशोरी, चार के खिलाफ एफआईआर
आजमगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के गंगापुर गांव से बीते 31 मार्च की शाम बहला-फुसलाकर अगवा की गई किशोरी के मामले में नामजद चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में अगवा की गई किशोरी के पिता ने स्थानीय गंगापुर ग्राम निवासी दीपक पुत्र रामाश्रय सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ पुत्री के अपहरण का आरोप लगाया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वंशराज सिंह को सौंपी गई है।

धोखाधड़ी के मामले में महिला समेत दो नामजद
आजमगढ़। भू- अभिलेख में कूटरचित रचना कर धोखे से भूमि का बैनामा करा लेने के आरोप में नामजद की गई महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मंगलवार को निजामाबाद थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के अल्लीपुर ग्राम निवासी राजेश कुमार पुत्र स्व. दयाशंकर यादव का आरोप है कि निजामाबाद क्षेत्र के हुसामपुर बड़ागांव स्थित उसकी भूमि का कतिपय लोगों द्वारा धोखाधड़ी करके बैनामा करा लिया गया। घटना बीते फरवरी माह में हुई बताई गई है। इस मामले में पीड़ित भू-स्वामी की तहरीर पर निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया हुसैनाबाद ग्राम निवासी रेहाना पत्नी अकरम सहित दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अयोध्या तिवारी को सौंपी गई है।


युवती पर चाकू से प्रहार, चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
आजमगढ़। महाराजगंज थाने की पुलिस ने क्षेत्र के जोड़वाबर गांव में बीते सोमवार की शाम युवती के ऊपर चाकू से प्राणघातक हमला करने तथा जान-माल की धमकी देने के आरोप में नामजद चार लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की है। अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत बनकटा बुजुर्ग ग्राम निवासी रामप्यारे यादव का आरोप है कि बीते दो अप्रैल की शाम जोड़वाबर गांव स्थित रिश्तेदारी में रह रही उसकी पुत्री सविता को विपक्षियों द्वारा चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया गया। इस मामले में घायल युवती के पिता द्वारा आरोपित की गई सुमित्रा सहित चार लोगों के खिलाफ महाराजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सभी आरोपी ग्राम देवारा जदीद जोड़वाबर गांव के निवासी बताए गए हैं।

महिला के खाते से निकाल लिए 68 हजार रुपए
आजमगढ़। महाराजगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 68611 रुपए निकाल लिए गए। पीड़िता की तहरीर पर मंगलवार को महराजगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। महाराजगंज क्षेत्र के हुसेपुर ग्राम निवासी मिथिलेश सिंह पत्नी गजेंद्र सिंह का आरोप है कि बीते 25 मार्च को उसके बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 68 हजार 611 रुपए निकाल लिए गए। इस बात की जानकारी होने पर पीड़ित महिला ने मुकामी थाने में मंगलवार को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।


Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment