आजमगढ़ ::शहर के पहाडपुर क्षेत्र में मेडिकल शाप चलाने वाले कमल भार्गव की बेटी श्रुति ने अंटार्कटिका में अपने आजमगढ़ का परचम लहराया है। एक विश्वस्तरीय अंटार्कटिका अभियान दल की सदस्य के तौर पर श्रुति पिछले दिनों 13 दिवसीय अंटार्कटिका यात्रा कर स्वदेश लौटी हैं। यूपी से अभियान की इकलौती सदस्य थीं। देश के अन्य 20 सदस्यों व पूरी दुनिया के विभिन्न देशों के अन्य 90 सदस्यों के साथ दुनिया में हो रहे जलवायु परिवर्तन समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अध्ययन कर श्रुति लौटी हैं।
श्रुति भार्गव ने 2003 में शहर के चिल्ड्रेन कालेज से 12वीं और शिब्ली कालेज से बीएससी करने के बाद कोलकाता से एमबीए किया। एमबीए के बाद से श्रुति देश की राजधानी में विभिन्न मीडिया कंपनी में अपनी सेवाएं दीं। माउंटेनियरिंग में कोर्स करने वाली कभी एनसीसी कैडेट रही श्रुति का यह शौक एक दिन उन्हें इतनी ऊंचाईयों पर ले जाएगा उन्होंने यह नहीं सोचा था। उत्तरी व दक्षिणी धु्रव की यात्रा करने वाले दुनिया के पहले पर्यावरणीय यात्री राबर्ट स्वान के क्लाइमेट फोर्स 2018 अभियान के लिए चुनी गईं श्रुति ने 27 फरवरी को यह यात्रा शुरू की। अजेंटीना के अशुईए से शुरु हुई इस यात्रा को पूरा कर 12 मार्च को स्वदेश लौटी हैं। इस अभियान दल में पूरी दुनिया के 25 से अधिक देशों के 90 सदस्य शामिल थे।
Blogger Comment
Facebook Comment