आजमगढ़: जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भुजहीं गांव के पास स्थित पुलिया से टकराकर पानी से भरी नहर में लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्राली गिर गई।इस हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों को ईलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।घटना बुधवार की देर रात करीब 11 बजे हुई बताई गई है। जहानागंज थाना क्षेत्र के कनैला (चक्रपानपुर) गांव से स्थानीय मन्दे गांव में आरामशीन पर ले जाई जा रही ट्रैक्टर ट्राली पर लदी लकड़ी बुधवार की रात करीब 11 बजे नहर मार्ग से होते हुए भुजहीं पुलिया के पास पहुंची थी। घने कोहरे के कारण दिखाई न देने से चालक पुलिया नहीं देख सका। जिसकी वजह से लकड़ी लदा वाहन पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए पानी से भरी नहर में गिर पड़ी। इस हादसे में वाहन चालक दिनेश गोंड (46)पुत्र अच्छेलाल निवासी स्थानीय ग्राम मुस्तफाबाद, मजदूर बालचन्द उर्फ नान्हू(55)पुत्र अतवारु पासी व रमेश(30)पुत्र तिलकधारी पासी ग्राम मटियवना की मौत हो गई। जबकि मटियवना निवासी बल्ली(30)पुत्र अतवारु पासी तथा मृतक रमेश का भांजा गौतम(20) पुत्र मिठाई उर्फ श्रवण पासी ग्राम डीहां थाना जहानागंज घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रात में ही तीनों शव नहर से बाहर निकाले गए। सूचना पाकर मुकामी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।मृतक चालक दिनेश के दो पुत्र व एक पुत्री, बालचन्द उर्फ नान्हू के दो पुत्र व दो पुत्री तथा तीसरे मृतक रमेश पासी के दो पुत्र तथा एक पुत्री बताए गए हैं। इस घटना से तीनों मृतकों के घर कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में भी शोक की लहर व्याप्त है।
Blogger Comment
Facebook Comment