आजमगढ़: हिन्दु युवा वाहिनी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का दौर जारी है। पहले नगर इकाई, इसके बाद बिलरियागंज व महराजगंज ब्लाक इकाई के पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। अब शुक्रवार को तहबरपुर इकाई के ब्लाक उपाध्यक्ष रविन्द्र यादव व महामंत्री पीयूष कुमार यादव ने सदस्यों के साथ अपना सामूहिक इस्तीफा हियुवा के मुख्य संरक्षक व मुख्यमंत्री योगी को भेजकर प्रदेश संयोजक के ऊपर कार्यवाही करने की मांग कर दिया। हिन्दु युवा वाहिनी के मुख्य संरक्षक को भेजे गये सामूहिक इस्तीफे में ब्लाक उपाध्यक्ष रविन्द्र यादव ने प्रदेश संयोजक व कार्यवाहक अध्यक्ष पर अपने पद का दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह संगठन को लगातार कमजोर करने का प्रयास कर रहे है। श्री यादव ने कहाकि अगर प्रदेश संयोजक संगठन से जुडे़ सदस्यों की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते तो उन्हे अपने पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है और नैतिकता के आधार पर उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। तहबरपुर ब्लाक इकाई के सक्रिय व पदाधिकारी लगातार मुख्य संरक्षक की नीतियों पर कार्य करते आ रहे है और अपने को गौरवान्वित महसूस करते है, लेकिन प्रदेश संयोजक द्वारा हमारे के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। ब्लाक उपाध्यक्ष रविन्द्र यादव, महामंत्री पीयूष कुमार यादव ने भेजे गये इस्तीफे में प्रदेश संयोजक पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जब उनसे कोई भी कार्यकर्ता स्थानीय समस्याओं को लेकर मिलने जाता है तो वह नहीं मिलते और दो-चार दिन बाद आने की बात करते है। संरक्षक जब संगठन से कोई मतलब नहीं रख रहे है तो आप लोग भी हमसे कोई उम्मीद मत रखिए। ऐसे परिस्थितियों में उन्होंने प्रदेश संयोजक से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा की मांग करते हुए खुद ब्लाक इकाई के के पदों से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में रवीन्द्र यादव, संतोष, मुनीब, आकाश यादव, दुर्गेश यादव, अनिल, आशीष शर्मा, ज्ञान यादव, सुभाष, पिंटू शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment