.

पवई :अर्ध नग्नावस्था में खेत में मिला भट्ठा मजदूर का शव,ह्त्या की आशंका

आजमगढ़ : पवई थाने के मुतकल्लीपुर गांव में शुक्रवार को सुबह सड़क किनारे गेहूं के खेत में 35 वर्षीय भट्ठा मजदूर का अर्ध नग्नावस्था में शव पाए जाने पर सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फोरेंसिक और डाग स्क्वायड टीम ने जांच पड़ताल की। जांच पड़ताल के दौरान खोजी कुतिया बगल में दलित बस्ती में एक व्यक्ति के घर से वापस घटना स्थल पर लौट आई। शक के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पवई थाने के खुरचंदा गांव निवासी महेंद्र राम पुत्र नान्हक राम मैनुद्दीनपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। गुरुवार को दोपहर में भट्ठे से मजदूरी के रूप में छह सौ रुपये लेकर साइकिल से घर के लिए चला था। बीच में मिल्कीपुर बाजार में शाम तक रूका रहा। यही उसे जानने वालों केअनुसार वह अंतिम बार देखा गया। शुक्रवार को सुबह लगभग छह बजे मुतकल्लीपुर गांव के पास सड़क किनारे गेहूं के खेत में उसका शव पाए जाने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उसके शरीर पर सिर्फ अंडर वियर था। अन्य कपड़े खेत में बिखरे पड़े थे। ग्रामीणों की सूचना पर पवई थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव की शिनाख्त की। परिजनों के आने पर पूछताछ की। परिजन हत्या की आशंका जता रहे थे। मौत के कारणों का पता न चलने पर फोरेंसिक टीम के साथ डाग स्क्वायड टीम मौके पर बुलाई गई। टीम ने खोजी कुतिया की मदद से जांच पड़ताल शुरू की,तो खोजी कुतिया घटना स्थल से थोड़ी दूर स्थित दलित बस्ती में एक व्यक्ति के घर के दरवाजे पर पहुंची और वहीं से लौट कर घटना स्थल पर आ गई। इस आधार पर पुलिस गांव वालों से भी पूछताछ कर रही है।
मृत मजदूर चार भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके दो पुत्र और एक पुत्री है। पति की मौत की सूचना पर संगीता बिलख पडी। पवई थाने के एसआई लक्षमन राम ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ के दौरान किसी से दुश्मनी नहीं होना बताया। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ पता चल पाएगा। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment