आजमगढ़ : कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी बाजार निवासी युवक ने अपनी चाय की दुकान के अंदर ही फांसी लगा ली। जब तक लोगों को घटना की जानकारी होती और उसे फंदे से नीचे उतारते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पूर्व में भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। मंदुरी बाजार निवासी 40 वर्षीय हेमेंद्र जायसवाल उर्फ घुरहू पुत्र रामसरन काफी समय से मानसिक रूप से बीमार था। वह मंदुरी तिराहे पर चाय-समोसा व मिठाई की दुकान करता था। शनिवार की सुबह भी वह रोज की भांति घर से दुकान पर पहुंचा और चाय-समोसा बनाया। इसके बाद उसे जाने क्या हुआ कि वह दुकान के अंदर जाकर शटर अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो लोगों ने सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने मौके पर पहुंच कर शटर तोड़ कर जब अंदर देखा तो वह फांसी के फंदे पर लटक रहा था। परिजनों की सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाऊस भेज दिया। घटना से परिजनों में रोना-पीटना मच गया है। परिजनों के अनुसार मृतक काफी दिनों से मानसिक रूप से बीमार था और पूर्व में भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। मृतक हेमेंद्र के दो पुत्र व दो पुत्री बताए गए है।
Blogger Comment
Facebook Comment