आजमगढ़ : सोमवार को नगर के शिब्ली नेशनल कालेज एवं डीएवी महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होते ही चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है । शिब्ली महाविद्यालय में मंगलवार से नामांकन फार्म का वितरण किया जाएगा। सात दिसंबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे और 10 दिसंबर को मतदान होगा। प्रदेश सरकार ने नगर निकायों के चुनाव को देखते हुए पूरे प्रदेश में छात्रसंघों के चुनाव पर रोक लगा दिया था। निकाय चुनाव समाप्त होते ही छात्रनेताओं की मांग पर शिब्ली नेशनल महाविद्यालय में सोमवार को प्राचार्य डा.ग्यास असद खान की अध्यक्षता में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए बैठक की गई। चुनाव के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित की गई। कमेटी में शामिल चुनाव अधिकारी डा.मोहम्मद खालिद ने दोपहर लगभग 12 बजे छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दिया। इसके तहत छात्रसंघ अध्यक्ष, महामंत्री और विधि संकाय, शिक्षा संकाय, कला संकाय, विज्ञान संकाय,वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन फार्म का वितरण किया जाएगा। एक दिन बाद सात दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्रों का दाखिला किया जाएगा। इसी दिन दो बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अगले दिन आठ दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन वापसी का समय दिया जाएगा। नौ दिसंबर को चुनाव की तैयारी को लेकर लेकर कालेज बंद रखा जाएगा। अगले दिन 10 दिसंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। इसी दिन दो बजे के बाद मतगणना भी शुरू कर दी जाएगी। चुनाव परिणाम घोषणा के बाद निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण कर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। वहीँ डीएवी पीजी कालेज में भी सोमवार को वर्तमान सत्र के लिए छात्रसंघ चुनाव की औपचारिक अधिसूचना जारी कर कर दी गई। नामित किए गए चुनाव अधिकारी डा सौम्य सेनगुप्ता ने बताया कि यह चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों के आधार पर ही काराए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 6 दिसंबर को सुबह साढे दस बजे से दोपहर ढाई बजे तक नामांकन पत्रों का वितरण किया जाएगा। अगले दिन 7 दिसंबर को उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दो बजे तक अपना पर्चा दाखिला कर सकेंगे। सात दिसंबर को ही ढाई बजे से साढे तीन बजे तक दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसी दिन साढे तीन बजे से साढे चार बजे तक उम्मीदवारों को पर्चा वापिस का मौका पाएंगे। शाम पांच बजे वैध प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। 10 दिसंबर रविवार को सुबह साढे 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदाता छात्र अपने वोट डाल सकेंगे। इसी दिन तीन बजे से पड़े मतों की गिनती की जाएगी। साथ ही विजयी उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment