आजमगढ़। मुबारकपुर क्षेत्र के शाहमुहम्मदपुर स्थित मदरसा बाबुल इल्म के मैदान में मंगलवार को दंगल कमेटी मुबारकपुर के तत्वधान में एक विशाल आल इंडिया विराट दंगल का आयोजन किया गया। जिसका उदघाटन नवनिर्वाचित नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि एंव सभाषद हाजी अब्दुल मजीद अंसारी द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में बिहार, दिल्ली, हरियाणा, गोरखपुर, बनारस, सहारनपुर, जौनपुर, मऊ ,आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया के पहलवानों ने हिस्सा लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया। दंगल में कई मुकाबले काफी दिलचस्प रहे तो कुछ कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। सशस्त्र सीमा बल दिल्ली के पहलवान संदीप और जौनपुर के निगम के बीच दस मिनट का हुआ मुकाबला काफी रोमांचक रहा और बराबरी पर छूटा। दूसरा मुकाबला सशस्त्र सीमा बल के ही पहलवान किशन और मुजफ्फरपुर बिहार के अब्दुल्ला के बीच हुआ जिसमें निर्धारित चार मिनट की कुश्ती में तीसरे मिनट में ही किशन ने अब्दुल्ला को पटखनी दे दी। इसी प्रकार बिहार के फिरोज और आजमगढ़ के जयसिंह के बीच हुए मुकाबले में जयसिंह विजयी रहे। सहारनपुर के वकार और आजमगढ़ के प्रमोद के बीच हुए मुकाबले में प्रमोद की जीत हुई। बराबर रहे अन्य मुकाबलों में सुनील जौनपुर बनाम इंशा सहारनपुर,रामनयन मऊ बनाम राजबहादुर जौनपुर,दीपक गोसाईगंज बनाम भैयालाल नीबी, सुजीत जौनपुर बनाम अजीत मऊ रहे। दंगल में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव व आयोजन कमेटी के लोग भी मौजूद रहे और संचालन नीबी अखाड़े के पहलवान व संचालक अवधेश यादव ने किया। कुश्ती को देखने के लिए आस पास के हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर हाजी अली इमाम,जफर अब्बास,शमीम रजा, सभाषद इम्तेयाज अहमद आदि हजारों लोग उपस्थित रहे ।
Blogger Comment
Facebook Comment