आजमगढ़ : मुबारकपुर कस्बे के पुरा रानी मुहल्ला के एक सर्राफा कारोबारी को गुरुवार की रात चार पहिया वाहन से आये लोगों ने दुकान से ही उठा लिया। व्यवसायी को उठाये जाने की सूचना पर पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। घबराये लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस द्वारा पता करने पर ज्ञात हुआ कि जीआरपी मऊ की टीम ने सराफा कारोबारी को किसी चोरी के माल खरीदने के मामले में पूछताछ के लिए उठाया है। मिली जानकाऋ के अनुसार मुबारकपुर के पुरा रानी मुहल्ला निवासी मनोज कुमार सर्राफ पुत्र स्व. मंगल चंद सर्राफ मुबारकपुर कस्बे के पुराने सराफा कारोबारी है और उनके घर के पास ही उनकी दुकान भी स्थित है। गुरुवार की रात आठ बजे वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बोलेरो सवार सात आठ की संख्या में लोग दुकान पर पहुंचे और सर्राफा कारोबारी को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा कर ले गए। इससे कस्बे के अन्य कारोबारियों और परिजनों में हड़कंप मच गया और वह लोग भागे भागे मुबारकपुर थाने पर पहुंचे तो पुलिस ने पता कर बताया की मनोज सर्राफ को जीआरपी मऊ ने उठाया है । चर्चा यह भी है कि मऊ जीआरपी पुलिस ने किसी चोर को पकड़ा है जिसने चोरी के जेवरात मनोज के यहां बेचे जाने की बात कबूली है। खबर है की शुक्रवार को मुबारकपुर के सराफा कारोबारी जीआरपी मऊ के इस कार्रवाई के खिलाफ नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में एसपी मऊ से मिलने के लिए मऊ रवाना हुए हैं ।
Blogger Comment
Facebook Comment