.

मेहनगर : पुलिस और ग्रामीणों के साथ पंचायत के बाद प्रेमी युगल की हुई शादी

मेहनगर : आजमगढ़ : मेहनगर थाना क्षेत्र के बरवां सागर गांव में युवती के घर में घुसे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने लाई। जहां लड़का व लड़की पक्ष के लोगों के बीच घंटो पंचायत के बाद दोनो पक्ष शादी को राजी हो गए। पंचायत में शादी के निर्णय के बाद शुक्रवार को ऐतिहासिक लखराव पोखरे पर प्रेमी युगल का विवाह संपन्न करा दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार बरवां सागर गांव निवासिनी प्रियंका पुत्री भोनू यादव व ठुठवा मुस्तफाबाद गांव निवासी कैलाश यादव पुत्र रामाश्रय के बीच काफी समय से प्रेम प्रपंच चल रहा था। प्रियंका का पिता रोजी-रोटी के लिए दिल्ली रहता है। गुरुवार को वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान कैलाश उसके घर पहुंच गया। कैलाश को घर में जाते हुए ग्रामीणों ने देख लिया और बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा कर दोनों को अंदर बंद कर दिया। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर एसओ चंद्रभाष्कर द्विवेदी मौके पर पहुंचे और प्रेमी युगल को लेकर थाने चले आए। थाने पर ही एसओ ने दोनों के परिजनों को भी बुला लिया। थाना परिसर में घंटो पंचायत हुई, जिसमें प्रेमी युगल के विवाह का निर्णय तय हुआ। इस पर शुक्रवार को दोनों पक्ष ऐतिहासिक लखरावं पोखरा पर पहुंचे और पोखरे के महादेव घाट पर दिन में दो बजे प्रेमी युगल का विवाह संपन्न कराया गया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment