आजमगढ़ : हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश मंत्री व सूचना प्रमुख रहे पंकज सिंह का शनिवार की रात को निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही रविवार को दलीय सीमाएं तोड़कर लोग उनके दाह संस्कार में पहुंचे। डीएम व एसपी ने भी घर पर पहुंच कर शोक संतप्त परिजनों को सात्वना दिया। जीयनपुर क्षेत्र के पूनापार बड़ागांव के मूल निवासी 41 वर्षीय पंकज सिंह पुत्र रवीन्द्र सिंह की शनिवार की रात अचानक तबीयत खराब होने पर परिजन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पंकज सिंह काफी मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी राजनैतिक पकड़ तेजी से विकसित हो रही थी। वे अधिकतर लखनऊ में ही रहते थे। शनिवार को ही शाम को घर आये थे। घर पर चचेरे भाई की पुत्री की जन्मदिन का उत्सव था। पंकज का पूरा परिवार लखनऊ में ही रहता है। पंकज के निधन से पूरा गांव शोक में डूब गया। उनके शव का दाह संस्कार दोहरीघाट के मुक्तिधाम पर हुआ। उनके पिता ने मुखाग्नि दी। दाह संस्कार में दलीय सीमाएं तोड़कर विभिन्न राजनैतिक दलों के लोग पहुंचे। जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह, एसपी अजय साहनी, सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह, कोतवाल मुनीष सिंह ने भी घर पर पहुंच कर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में सपा नेता बंश बहादुर सिंह, शंकर यादव,भाजपा नेता चंद्रशेखर सिंह, बसपा नेता संतोष सिंह टीपू, पूर्वांचल विकास आंदोलन के संयोजक प्रवीण सिंह, सुनील कुमार सिंह पहलवान, अरबिंद जायसवाल, मनीष मिश्र, विधायक विपिन सिंह, विधायक राघवेंद्र सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव उर्फ अज्जू के अलावा कई जिलों के विधायक, हियुवा के प्रदेश व जिला पदाधिकारी भी शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment