.

रानी की सराय: बाइक सवार तीन लोगों को ट्रक ने रौंदा,01 की मौत 02 घायल

रानी की सराय :आजमगढ़: रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटवां बाजार स्थित पेट्रोलपंप के पास शनिवार की सुबह पीछे से आ रही ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार उसके दो चचेरे भाई भी गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मृत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार शाहकुंदनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रामसुख पुत्र गामा राजगीर का काम करता है। शनिवार को वह अपने दो चचेरे भाईयों 25 वर्षीय अभिषेक व 22 वर्षीय रामप्रवेश पुत्रगण रामपलट के साथ बाइक से काम पर जा रहा था। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लहबरियां में तीनों भाई इन दिनों काम कर रहे थे। अभी वे कोटवां बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रही ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बाइक पर पीछे बैठा रामसुख ट्रक से धक्का लगाते ही नीचे गिर पड़ा और ट्रक का पहिया उस पर चढ़ गया वहीं दोनों चचेरे भाई अभिषेक व राम प्रवेश छिटक कर दूर जा गिरे। घटना के बाद ट्रक चालक मय वाहन मौके से भाग निकलने में सफल रहा। लोगों की सूचना पर रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया। रामसुख के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाऊस भेज दिया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में रोना-पीटना मच गया है। मृतक रामसुन तीन भाईयों में दूसरे नबर पर था और दो पुत्री व एक पुत्र का पिता बताया गया है। 

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment