आजमगढ़ : जिले के पांच महाविद्यालयों में 10 दिसंबर को छात्रसंघ चुनाव सत्र 2017-18 के लिए मतदान एवं मतगणना होगी। अनुमान के मुताबिक़ इन महाविद्यालयों में लगभग 20000 छात्र छात्राएं मतदान कर सकते हैं और 06 दर्जन से अधिक प्रत्याशी भी मैदान में हैं। उसके बाद विभिन्न पदों के विजयी प्रत्याशियों को शपथ भी दिलाई जाएगी। इसे लेकर संबंधित महाविद्यालयों के चुनाव अधिकारी एवं प्रबंध तंत्र से तैयारी पूरी कर ली है। उधर, मतदान को सकुशल व निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमा भी अलर्ट है। जिले के शिब्ली नेशनल महाविद्यालय, डीएवी महाविद्यालय, श्री दुर्गा पीजी कालेज चंडेश्वर, शिवा पीजी कालेज तेरही कप्तानगंज एवं श्री गांधी पीजी कालेज मालटारी में अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष एवं विभिन्न संकाय प्रतिनिधियों के पद के लिए सुबह आठ से मतदान का समय सुनिश्चित किया गया है। शिब्ली पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव की तैयारी को लेकर समिति की बैठक हुई। चुनाव अधिकारी डा. मो. खालिद ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के लिए कुल 11 बूथ बनाए गए हैं। इसमें छह बूथ छात्र एवं पांच बूथ छात्राओं के लिए बनाए गए हैं। इस मौके पर चीफ प्राक्टर डा. जहूर आलम सहित संबंधित सहायक चुनाव अधिकारी व शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मी रहे। उधर, डीएवी पीजी कालेज के चुनाव अधिकारी डा. सौम्य सेन गुप्ता ने बताया कि बीए, बीएससी, बीकाम एवं एमए, एमएससी के लिए अलग-अलग कुल छह बूथ बनाए गए हैं। अजमतगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार श्री गांधी पीजी कालेज मालटारी में छात्र संघ चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 850 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। अध्यक्ष पद पर तीन, उपाध्यक्ष पद पर दो और महामंत्री पद पर चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी महाविद्यालयों पर एक-एक कंपनी पीएसी के अलावा संबंधित सर्किल की पुलिस रहेगी। इधर पुलिस कप्तान अजय कुमार साहनी ने मीडिया को बताया की नगर पालिका चुनावों की तरह ही छात्र संघ चुनाव भी सकुशल संपन्न कराये जाएंगे। इसके लिए हर महाविद्यालय पर जिम्मेदार अधिकारियों के साथ ही पर्याप्त मात्रा में पुलिस व पीएसी बल लगा दिए गए हैं। किसी भी तरह की अवांछनीय हरकत करने वालों को कार्यवाही का सामना करना पडेगा।
Blogger Comment
Facebook Comment