मुबारकपुर :आजमगढ़ : स्थानीय थाना क्षेत्र के कौडिया गांव में गुरुवार की रात 24 वर्षीय विवाहिता ने पारिवारिक विवाद को लेकर मिट्टी का तेल छिड़ककर अपने आप को आग के हवाले कर लिया। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचा पति भी गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों को जिला अस्पताल से रेफर कर दिए जाने पर शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। उपचाराधीन दंपती की हालत गंभीर बनी हुई है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के भुवना खुर्द ग्राम निवासी रामलखन ने अपनी पुत्री रीमा चौहान (24) की शादी पांच वर्ष पूर्व मुबारकपुर क्षेत्र के कौड़िया गांव निवासी केदार चौहान के पुत्र सुबोध चौहान के साथ की थी। गुरुवार की शाम रीमा व उसकी सास के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद रीमा अपनी पुत्री को लेकर घर से निकल गई। परिजनों ने घर के आसपास व सिवान में तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। करीब एक घंटे बाद रीमा घर वापस आ गई। रात में खाना खाकर सुबोध अपनी डेढ़ वर्षीय पुत्री को लेकर सोने चला गया। रात करीब दो बजे रीमा ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर सुबोध बदहवास हालत में उठा और अपने कम्बल से रीमा को लपेट कर आग बुझाया। आनन-फानन में परिजन दोनों को लेकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां दोनों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से रेफर कर दिए जाने पर परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
Blogger Comment
Facebook Comment