आजमगढ़। न्यायालय के आदेश पर मुबारकपुर व रौनापार थाने में सोमवार को हत्या का प्रयास एवं घर में घुसकर हमला करने व छेड़खानी के दो मामले दर्ज किए गए। इनमें 12 लोगों को आरोपित किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव ग्राम निवासी श्याम नारायण यादव का आरोप है कि गत 30 जुलाई की शाम गांव के विपक्षी लोगों ने घर में घुसकर उसके पुत्र को बुरी तरह से मारा-पीटा। हमलावर पक्ष ने जान मारने की नीयत से पीड़ित पक्ष पर असलहों से फायरिंग की। इस मामले में मुबारकपुर पुलिस ने हमलावर पक्ष के जयश्री, शिवकुमार, सेवक, गोविंद, राजेन्द्र, सागर व अशोक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसी क्रम में रौनापार थाने की पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर घर में घुसकर हमला करने तथा तोड़फोड़ करते हुए घर में मौजूद युवती के साथ छेड़खानी करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में पीड़ित पक्ष की कमलावती पत्नी स्व. उदयभान ने क्षेत्र के चिलबिली दान चिलबिली ग्राम निवासी हरिद्वार, हरिनाथ, रामनवल के साथ ही अनीता पत्नी भूरेलाल व नेमा पत्नी रामनवल को नामजद किया है।
Blogger Comment
Facebook Comment