आजमगढ़ : सिधारी थाना क्षेत्र के इटौरा मोड़ के पास ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाऊस भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के गोधौरा गांव निवासी 30 वर्षीय उमेश राम पुत्र चंद्रजीत जिला मुख्यालय पर मजदूरी करता है। रोज की भांति बुधवार की सुबह भी वह साइकिल से जिला मुख्यालय काम पर आया था। काम खत्म होने के बाद वह शाम में वापस घर लौट रहा था। अभी वह सिधारी थाना अंतर्गत इटौरा मोड़ पर पहुंचा था कि सामने से आ रही ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में उमेश गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा लेकिन अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उमेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाऊस भेज दिया। मृतक चार भाईयों में सबसे बड़ा था और उसके दो पुत्र व एक पुत्री बताए गए है। घटना की सूचना घर पंहुचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
Blogger Comment
Facebook Comment